एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ।यूपी की राजधानी के कमता चौराहे पर हमेशा रहने वाली भीषण जाम की समस्या अब प्रशासन की प्राथमिकता में आ गई है। यहां हर समय वाहनों की लंबी कतारें आम होती जा रही हैं, जिससे हाईकोर्ट, शहीद पथ, अवध डिपो और अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर जाने वाले मार्गों पर यातायात लगातार प्रभावित रहता है। यही नहीं, ऑफिस और स्कूल समय में जाम का हाल और भी बदतर हो जाता है।
हमेशा रहता है ट्रैफिक दबाव
इस गंभीर समस्या को लेकर डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित ने मंगलवार को कमता चौराहे का दौरा किया। उन्होंने मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर जाम के प्रमुख कारणों की जानकारी ली और सुधार के निर्देश दिए।कमता चौराहा लखनऊ के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। हाईकोर्ट, अवध डिपो और बाहरी जिलों की ओर जाने वाले वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। सुबह और शाम को ऑफिस, स्कूल और बस स्टॉप की ओर जाने वाली भीड़ के कारण यहां रेंगते हुए वाहन चलते हैं। कई बार पुलिस द्वारा व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए गए, लेकिन समाधान स्थायी नहीं हो सका।
ऑटो-बस चालकों की मनमानी बनी समस्या
जाम का एक बड़ा कारण यह भी है कि ऑटो और प्राइवेट बस चालक सड़क किनारे ही सवारियों को चढ़ाते-उतारते हैं, जिससे वाहनों की गति बाधित होती है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद तो रहते हैं, लेकिन भीड़ और व्यस्तता के आगे बेबस नजर आते हैं। अवैध वसूली की शिकायतें भी पहले कई बार सामने आ चुकी हैं, जिनमें कुछ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हुई है।
जल्द मिलेगा समाधान
अब ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे डीसीपी कमलेश दीक्षित खुद इस समस्या को लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जाम के स्थायी समाधान के लिए व्यावहारिक और प्रभावी योजना तैयार की जाए। इसके लिए ऑटो व बस संचालन पर सख्ती, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक फ्लो सुधार जैसे उपायों पर काम शुरू हो गया है।जल्द ही कमता चौराहे पर लोगों को राहत मिल सकती है और सुगम यातायात की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सौतेले पिता ने बेटी की चाकू से गोदकर की हत्या,बचाने पहुंची मां को भी किया घायल
यह भी पढ़े : यूपी पुलिस में दरोगा भर्ती जल्द, अगले माह नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना
यह भी पढ़े : स्कूटी सवार महिला को डंपर ने रौंदा, मौत
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री आवास के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
