गाेण्डा। यूपी के जनपद गोण्डा की पुलिस को सोमवार देर रात बड़ी कामयाबी हाथ लगी, जब पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सोनू पासी उर्फ भूरे को मुठभेड़ में मार गिराया। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी सोनू पासी बीते दिनों उमरीबेगमगंज इलाके में चोरी के दौरान एक ग्रामीण की गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित था। फरारी के दौरान उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

चेकिंग के लिए पुलिस ने रोका तो शुरू कर दी फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनू पासी अपने एक साथी के साथ सलोनी मोहम्मदपुर बंधा की ओर मोटरसाइकिल से आ रहा है। देर रात चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उमरीबेगमगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक के बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, लेकिन शुक्र है कि कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में सोनू पासी को गोली लगी। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से उसका साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक .32 बोर की पिस्टल, एक देसी तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

हत्या और चोरी का था मास्टरमाइंड

8-9 मई की रात उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के धन्नीपुरवा डिक्सिर गांव में देवीदीन नामक बुजुर्ग के घर में चोरी के इरादे से घुसे बदमाशों ने पकड़े जाने पर उन्हें गोली मार दी थी। इस जघन्य वारदात के बाद से इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों—बृजेश उर्फ छोटू पासी, पल्लू पासी और नानमुन्ना लोध को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन मास्टरमाइंड सोनू पासी तब से फरार था।सोनू पासी कर्नलगंज थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर जोन के एडीजी ने एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

पुलिस अधीक्षक बोले -“शांति में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा”

एसपी गोण्डा विनीत जायसवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान को और तेज किया जाएगा। “जो भी कानून व्यवस्था में बाधा डालने की कोशिश करेगा, उसके साथ यही सख्ती बरती जाएगी,” उन्होंने कहा।फिलहाल फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमों को लगाया है और इलाके की घेराबंदी की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *