होम देश प्रदेश दो मालगाड़ियों में भीषण टक्कर, दो की मौत, चार घायल, झारखंड में...

दो मालगाड़ियों में भीषण टक्कर, दो की मौत, चार घायल, झारखंड में हुआ हादसा

0
15

सएमयूपीन्यूज,ब्यूरो। झारखंड के साहिबगंज जिले में बड़ा रेल हादसा हुआ है। यहां दो मालगाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मालगाड़ी का ड्राइवर भी शामिल है। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। घटनास्थल की दूरी राजधानी रांची से करीब 486 किलोमीटर है। साहिबगंज जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि की है।

सीआईएसएफ के चार जवान भी घायल

पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस हादसे में सीआईएसएफ के चार जवान भी घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है कि यह हादसा किन कारणों से हुआ। बताया गया है कि मालगाड़ियों के आपस में टकरा जाने के बाद उनके इंजनों में आग लग गई। कहा जा रहा कि फरक्का से ललमटिया जा रही मालगाड़ी बरहेट में खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

दो लोको पायलट की मौके पर ही मौत

स्थानीय लोगों का कहना है कि मालगाड़ियों के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोको पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टक्कर के कारण इंजन और कोयले से लदी बोगियों में आग लग गई। दोनों गाड़ियां बेपटरी हो गई। एक का तो इंजन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर रेलवे अधिकारियों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। रेलवे ने अपना बचाव कार्य शुरू कर दिया है। इस दुर्घटना में बोकारो के निवासी अंबुज महतो और बंगाल के बीएस मॉल की मौत हो गई। घायलों का इलाज बरहेट सदर अस्पताल में चल रहा है।

इससे पहले कामाख्या एक्स्रपेस के उतर गए थे कई डिब्बे

इससे पहले रविवार को ओडिशा से बड़ा रेल हादसा हुआ था। यहां कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे। कटक में नेरगुंडी रेलवे स्टेशन के पास यह हादसा हुआ था। ट्रेन संख्या 12251 बंगलूरू से असम के गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन जा रही थी। दुर्घटना में एक शख्स की मौत हुई थी, जबकि सात यात्री घायल भी हुए थे। एक अधिकारी ने बताया था कि रविवार को ओडिशा के कटक जिले में एक एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई। सुबह 11.54 बजे मंगुली के पास निरगुंडी में एसएमवीटी बंगलूरू-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए।