मऊ । उत्तर प्रदेश के मऊ जिला में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। घोसी कोतवाली क्षेत्र के जामडीह के पास बृहस्पतिवार की देर रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी बेचन यादव (30), प्रमोद यादव (28) और आजाद यादव (32) के रूप में हुई है। तीनों आपस में गहरे दोस्त थे और एक ही गांव के रहने वाले थे।

दोस्त के लिए खाना लेकर गए थे, लौटते समय हादसा

बताया जा रहा है कि तीनों युवक घोसी स्थित एक निजी अस्पताल में अपने दोस्त को खाना पहुंचाने गए थे। दोस्त की पत्नी ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया था और वह अस्पताल में भर्ती थी। खाना पहुंचाने के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।जैसे ही वे जामडीह के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक सहित करीब 20 मीटर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

चालक फरार, बोलेरो सीज

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर जिला अस्पताल भेज दिया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बोलेरो को सीज कर लिया गया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

गांव में पसरा मातम, एक साथ तीन चिताएं

एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही बीबीपुर गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *