लखनऊ ।यूपी की राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं रहीं, खासकर किशोरियां, यह बात हम क्यों कह रहे है। चूंकि राजधानी में आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही है। बीती रात्रि आशियाना थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। । घटना उस समय हुई जब किशोरी बारिश से बचने के लिए एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में रुक गई थी। इस दौरान पांच मजदूरों ने किशोरी के साथ गैंगरेप किया। इस घटना को लेकर इलाके में रोष व्याप्त है।
बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन इमारत में खड़ी थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, किशोरी इलाके में बच्चों की देखभाल का काम करती है और मंगलवार शाम वह काम पर जा रही थी। रास्ते में बारिश होने पर वह पास की एक निर्माणाधीन इमारत में खड़ी हो गई। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ मजदूरों ने उसके साथ जबरदस्ती की।काफी देर तक काम पर न पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों को शक हुआ। तलाश करने पर किशोरी को बिल्डिंग के अंदर बदहवास हालत में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दरिंदों ने किशोरी के बांध दिये थे हाथ और पैर
आरोप है कि बिल्डिंग में काम कर रहे एक मजदूर ने किशोरी को खींच लिया और उसके साथ दरिंदगी की। उसके साथी इस दौरान पहरा देते रहे। कुछ देर बाद दूसरा मजदूर किशोरी के पास पहुंचा तो किशोरी ने संघर्ष किया। बताया जा रहा है कि दरिंदों ने किशोरी के हाथ पैर बांध दिये थे। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मौके पर मौजूद कुछ मजदूरों को पकड़ लिया। पुलिस ने मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डीसीपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य, अपर पुलिस उपायुक्त मध्य और सहायक पुलिस आयुक्त कैंट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।डीसीपी मध्य, विक्रांत वीर ने बताया कि इस मामले में सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
