लखनऊ । राजधानी के कानपुर रोड स्थित पार्थ रिपब्लिक के निकट भोले भवन में गुरुवार तड़के करीब 4 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवासीय मकान में अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना PRV के माध्यम से मिलते ही सरोजनीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया।
बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मकान के अंदर एक ही परिवार के 6 सदस्य—शशि वर्मा उर्फ अजय रस्तोगी, अनीता वर्मा, शीतल वर्मा, विनायक, वेरोनिका वर्मा और तनु वर्मा—के साथ एक पालतू कुत्ता भी फंसा हुआ था।संयुक्त प्रयासों से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस दौरान तनु वर्मा के पैर में हल्की चोट आई, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी सरोजनीनगर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सकुशल घर भेज दिया गया।
इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।पुलिस और फायर टीम की त्वरित व समन्वित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन की जमकर सराहना की और दोनों टीमों की तत्परता को सराहा।
