लखनऊ । उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित शिव विहार कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां किराए के मकान में रहने वाली परिषदीय स्कूल की शिक्षिका की गला घोंटकर हत्या कर दी गई।मृतका की पहचान एकता उर्फ पूजा के रूप में हुई है, जो ठाकुरद्वारा क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। वह अपने पति और बच्चे के साथ पिछले करीब दो साल से यहां रह रही थीं।
दूधिया घर पहुंचा तब खुला राज
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोमवार सुबह दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर मकान मालिक को सूचना दी। खिड़की से झांककर देखने पर शिक्षिका का शव कमरे में निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए और कमरे को सील कर दिया गया है।
पति को मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र से हिरासत में लिया
जांच के दौरान शक के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति को मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पति ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है।अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
