बदायूं। बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। इलाज कराकर घर लौट रहे दंपती की कार अचानक आग का गोला बन गई, जिसमें पत्नी जिंदा जल गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में पति गंभीर रूप से झुलस गया।जानकारी के अनुसार, उसहैत निवासी अर्पित भारद्वाज अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज के साथ देर रात कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव रौता के पास पहुंची, अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
आंखों के सामने ही उनकी पत्नी जिंदा जल गई
अचानक हुए इस हादसे में अर्पित किसी तरह कार से बाहर निकल आए, लेकिन पीछे की सीट पर लेटी पत्नी प्रिया अंदर ही फंस गईं। अर्पित ने अपनी जान की परवाह किए बिना उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि वह अंदर नहीं पहुंच सके और उनकी आंखों के सामने ही उनकी पत्नी जिंदा जल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में कार पूरी तरह आग का गोला बन गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
बचाने में अर्पित के हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गया
पत्नी को बचाने के प्रयास में अर्पित के हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गए और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि दंपती की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उनकी एक साल की मासूम बच्ची है, जो घटना के समय घर पर थी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार में आग किन कारणों से लगी।
