गाजियाबाद/लखनऊ। Uttar Pradesh Special Task Force की गौतमबुद्धनगर और आगरा यूनिट ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों पर देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
कंपनी बनाकर करीब 20 हजार लोगों को अपने जाल में फंसाया
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी के अनुसार, एसटीएफ आगरा टीम ने सहारनपुर से जतिंद्र राम (41) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वर्ष 2022 में सी प्राइम कैपिटल नाम से कंपनी बनाकर करीब 20 हजार लोगों को अपने जाल में फंसाया। उसने मेटा ट्रेडर्स प्लेटफॉर्म के जरिए 30-32 हजार ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाए और शेयर ट्रेडिंग व आईपीओ में निवेश का झांसा देकर करीब 800 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
दिल्ली के एक व्यक्ति से करीब 2 करोड़ रुपये ठगे गए
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने देहरादून, नोएडा, गाजियाबाद, हरिद्वार, अंबाला समेत कई शहरों के लोगों को निशाना बनाया। गाजियाबाद के एक पीड़ित से 55 लाख रुपये और दिल्ली के एक व्यक्ति से करीब 2 करोड़ रुपये ठगे गए।वहीं, गौतमबुद्धनगर एसटीएफ यूनिट ने गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र से रूपेश भारद्वाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक्स ट्रेडर्स इंटरप्राइजेज नाम से फर्जी कंपनी बनाकर निवेशकों को पैसा दोगुना करने का लालच दिया और करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार हो गया था।
आरोपी के खिलाफ देशभर में कई शिकायतें दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देशभर में कई शिकायतें दर्ज हैं। उसने गाजियाबाद, बेंगलुरु, पुणे, गुजरात समेत कई शहरों के लोगों को ठगा। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से फर्जी आधार कार्ड और कई मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।एसटीएफ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें संबंधित थानों को सौंप दिया है। अब पुलिस इस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
