कानपुर। यूपी के कानपुर में एक निकाह समारोह के दौरान मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। ककवन रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शनिवार को निकाह के बाद दावत के दौरान लेग पीस को लेकर बरातियों और जनातियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि दूल्हे ने निकाह के मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक दे दिया।
बेटी का निकाह बिल्हौर के युवक से तय किया था
जानकारी के अनुसार, बारामऊ गांव निवासी परिवार ने अपनी बेटी का निकाह बिल्हौर के युवक से तय किया था। शनिवार को गेस्ट हाउस में बारात पहुंची और निकाह की रस्में पूरी होने के बाद दावत शुरू हुई। इसी दौरान खाने में लेग पीस और गोश्त को डिब्बे में ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
दोनों पक्षों में कुर्सियां व बर्तन चलने लगे
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में कुर्सियां व बर्तन चलने लगे। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं।इसी बीच जब दूल्हे को झगड़े की जानकारी मिली तो वह गुस्से में आ गया और जयमाल के मंच से ही दुल्हन को तीन तलाक दे दिया। इसके बाद समारोह स्थल पर माहौल और तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों में देर रात तक कहासुनी होती रही।
दुल्हन पक्ष का इनकार, पुलिस का बयान
घटना के बाद दूल्हे ने माफी मांगते हुए ससुराल पक्ष से पैर पकड़कर मिन्नतें भी कीं, लेकिन दुल्हन की मां ने इसे शरीयत के खिलाफ बताते हुए बेटी की विदाई से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की भी बात कही है।मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी के अनुसार, कुछ नशे में धुत लोगों को गेस्ट हाउस से बाहर कराया गया है। फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
