अयोध्या। यूपी के अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के करेरू गांव में बृहस्पतिवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। पारिवारिक कलह के चलते 22 वर्षीय संजू ने कथित रूप से पहले अपने पति शिवानंद पासी की हत्या कर दी और इसके बाद देवराकोट रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में एक माह के नवजात बच्चे की भी मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

रेलवे ट्रैक के पास एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे रेलवे ट्रैक के पास एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पास मिले मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान करेरू गांव निवासी संजू के रूप में की। इसके बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर अंदर उसके पति शिवानंद पासी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पास में करीब तीन फीट का हथौड़ा भी बरामद हुआ, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।

एक माह तीन दिन का नवजात बच्चा रोता हुआ मिला

जांच के दौरान कमरे के अंदर बेड के नीचे एक माह तीन दिन का नवजात बच्चा रोता हुआ मिला। पुलिस ने बच्चे को परिजनों को सौंप दिया, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उसकी भी मौत हो गई।मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पारिवारिक विवाद और मारपीट का जिक्र किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच विवाद का प्रतीत हो रहा है।

दंपती की शादी करीब एक साल पहले हुई थी

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई पूरी की है। मृतका की मां की तहरीर पर पति सहित परिवार के अन्य चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।बताया जा रहा है कि दंपती की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और हाल ही में उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *