रामपुर। यूपी में रामपुर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित शिव विहार कॉलोनी में परिषदीय स्कूल की शिक्षिका की मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरू में यह मामला संदिग्ध मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो गया कि यह हत्या का मामला है।

मृतका परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका थीं

मृतका एकता उर्फ पूजा, जो चमरौवा ब्लॉक के ठाकुरद्वारा स्थित परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका थीं, पिछले करीब दो वर्षों से अपने पति राहुल और छोटे बेटे के साथ शिव विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही थीं। यह मकान सुभाष कुमार का बताया जा रहा है।

ऐसे सामने आया मामला

सोमवार सुबह घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दूध देने पहुंचे व्यक्ति ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर शिक्षिका का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत दम घुटने से हुई है। इसके बाद मामला हत्या में बदल गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी।जांच में सामने आया कि आरोपी पति राहुल शनिवार को रामपुर आया था। वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर में था। दिन में दोनों ने साथ में बाजार जाकर खरीदारी भी की। देर रात पत्नी से शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसकी बहस हुई और उसने मुंह दबाकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

दहेज हत्या का केस दर्ज,नशे की लत का भी खुलासा

मृतका के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल नशे का आदी है और पहले भी कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो चुका है। घटना के बाद वह मेरठ स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र पहुंच गया था, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।

फॉरेंसिक जांच और कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने किराये के कमरे को सील कर दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *