लखनऊ । राजधानी के विकासनगर क्षेत्र में देर रात फायरिंग की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस के अनुसार, पीड़ित हनी तिवारी ने आरोप लगाया है कि रोहित नामक व्यक्ति ने उस पर फायरिंग की। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले हनी तिवारी और उसके साथी रजत ने रोहित पर फायरिंग की थी।
दोनों आरोपी जेल भी गए थे
इस मामले में थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज हुआ था और दोनों आरोपी जेल भी गए थे। इसी कारण पुलिस इस घटना को आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है।फिलहाल पुलिस ने पीड़ित को लिखित शिकायत देने के लिए कहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
