लखनऊ। लखनऊ में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की दो अलग-अलग यूनिटों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और एमडीएमए की तस्करी करने वाले कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, नकदी और वाहन भी बरामद किए गए हैं।
अल्लाहबख्शपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया
एएनटीएफ यूनिट मेरठ की टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी खबरूल हसन मियाह और दक्षिणी दिल्ली निवासी अशदुल हक को मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाली सर्विस लेन पर अल्लाहबख्शपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 56 किलो 990 ग्राम अवैध गांजा, एक मारुति अर्टिगा कार, कई पहचान पत्र (आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड), मोबाइल फोन और 11,310 रुपये नकद बरामद किए। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 28.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
हाथरस के दरियापुर निवासी महिला तस्कर विनीता शामिल
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिहार से ट्रेन के माध्यम से गांजा मंगवाकर बरेली और मुरादाबाद के रास्ते एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे।इसी क्रम में एएनटीएफ यूनिट आगरा ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें फतेहाबाद (आगरा) निवासी विजय सिंह और आशीष सिंह तथा हाथरस के दरियापुर निवासी महिला तस्कर विनीता शामिल हैं।
विभिन्न बैंकों के क्रेडिट व पैन कार्ड बरामद किए गए
इनके कब्जे से 154 ग्राम एमडीएमए, 15,920 रुपये नकद, एक कार, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड और विभिन्न बैंकों के क्रेडिट व पैन कार्ड बरामद किए गए हैं। इसकी कीमत भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। एएनटीएफ टीम अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।
