लखनऊ । राजधानी के अलीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पुराने हनुमान मंदिर के पास अचानक दीवार गिरने से एक मासूम बच्चा उसकी चपेट में आ गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब डांडिया इलाके में स्थित पुराने हनुमान मंदिर की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
अचानक दीवार गिरने से वह सीधे मलबे के नीचे दब गया
दीवार के सहारे झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ऑटो चालक गजोधर का मासूम बेटा मलबे में दब गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को मलबे से निकालकर तत्काल भाऊराव देवरस अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बच्चा झोपड़ी में सो रहा था। अचानक दीवार गिरने से वह सीधे मलबे के नीचे दब गया।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के पास सड़क चौड़ीकरण के चलते तोड़फोड़ का काम चल रहा था, जिसके कारण दीवार कमजोर हो गई थी। वहीं, परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मदद न मिलने की बात कही है।फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और मामले की जांच की जा रही है।
