लखनऊ । यूपी के उरई के एट क्षेत्र से एक दिलचस्प प्रेम कहानी सामने आई है, जहां परिवार की नाराजगी के बीच एक प्रेमी जोड़े ने अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया। कीर्ति और अमन, जो लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन घरवालों की मंजूरी न मिलने से परेशान थे। आखिरकार उन्होंने समाज की बंदिशों से ऊपर उठकर अपने प्यार को अंजाम तक पहुंचाने का फैसला किया।
दोनों घर से निकल पड़े और पहले कोर्ट मैरिज की
दोनों घर से निकल पड़े और पहले कोर्ट मैरिज की, फिर एट क्षेत्र के बिलायां गांव स्थित शिव मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए।शादी के इस खास पल को उन्होंने कैमरे में कैद किया और जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर आया, यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही दोनों परिवारों में हलचल मच गई। मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई।
अब यह कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी
दिलचस्प बात यह रही कि जो परिवार पहले इस रिश्ते के खिलाफ थे, आखिरकार वही इस प्रेम कहानी के आगे झुक गए। बातचीत और समझाइश के बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई और मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया।अब यह कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है—जहां कुछ लोग इसे सच्चे प्यार की जीत बता रहे हैं, तो कुछ इसे परंपराओं से अलग कदम मान रहे हैं। लेकिन एक बात साफ है, इस कहानी में प्यार ने हर बाधा को पार कर लिया।
