उन्नाव।यूपी के उन्नाव जिले के बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक हरदोई जिले के निवासी थे और एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।जानकारी के अनुसार, हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र के अटिया गांव निवासी राजू राठौर (55) अपने साथियों रामबालक यादव (50) और पवन यादव (48) के साथ बांगरमऊ क्षेत्र के नानामऊ घाट पर एक बुजुर्ग रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। मंगलवार देर शाम अंतिम संस्कार के बाद तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी
रात करीब 9 बजे जब वे बेहटामुजावर क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पहुंचे, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के वक्त तीनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।घटना के बाद काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। करीब 10:30 बजे वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने सड़क किनारे पड़े लोगों को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सभी मृतक खेती-किसानी से जुड़े थे
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटनास्थल पर बोलेरो वाहन का टूटा हुआ बंपर मिला है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हादसा बोलेरो की टक्कर से हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सभी मृतक खेती-किसानी से जुड़े थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
