लखनऊ । यूपी के सीतापुर जिले के संदना थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किसानों की जान चली गई। सिधौली–मिश्रिख मार्ग पर काकोरी के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार दोनों किसान उसके नीचे दब गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई
जानकारी के अनुसार रालामऊ निवासी राजेंद्र (40) और प्रदीप (35) गन्ना बेचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान काकोरी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से ट्रॉली को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
########
हादसे में घर का बुझा इकलौता चिराग
इगलास के अलीगढ़ रोड पर गांव सहारा के पास 15 मार्च रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना गोरई क्षेत्र के गांव खिरसौली निवासी मोनू (23) पुत्र जानकी प्रसाद अपने ममेरे भाई सुनील निवासी हरिरामपुर के साथ गांव हस्तपुर से लौट रहा था। रात करीब नौ बजे सहारा गांव के पास इगलास की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने किसी वाहन को ओवरटेक करते वक्त बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास से प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
