लखनऊ । नोएडा जिले में थाना जारचा क्षेत्र के खटाना गांव के एक मुर्गा फार्म हाउस में काम करने वाले नौकर ने शनिवार काे मालिक से हुए विवाद में उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नौकर को हिरासत में ले लिया है।पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि शनिवार सुबह को थाना जारचा पुलिस को सूचना मिली कि खटाना गांव में स्थित मुर्गा फार्म हाउस के मालिक प्रशांत सिंह (33) को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर में चोट मार कर हत्या कर दी है। सूचना के आधार पर थाना जारचा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर फिल्ड यूनिट को बुलाया गया।

दोनों के बीच किसी बात को लेकर हुआ था विवाद

घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच की गई। जांच में पाया गया कि मृतक प्रशांत सिंह एवं उनके नौकर यशवीर, जाे ग्राम टोली थाना जहांगीराबाद बुलंदशहर रहने वाला है, के मध्य किसी बात को लेकर शुक्रवार की रात को गाली गलौज हुई थी। इसी विवाद के चलते यशवीर ने लोहे की पाइप से प्रशांत के सिर पर प्रहार किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। थाना जारचा पुलिस ने आरोपित यशवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पूछताछ में यशवीर ने बताया है कि उसका मालिक शराब पीकर उसे रोज पीटता था। शुक्रवार की रात को भी उसने पीटा। जब उसका मालिक सोने चला गया तो उसने देर रात को उसके ऊपर लोहे के पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त लोहे के पाइप को खेत में छुपा दिया था। पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी नौकर यशवीर को हिरासत में लिया

यह खबर जैसे ही गांव में फैली, आक्रोशित ग्रामीण शनिवार को सड़कों पर उतर आए और खटाना पुल पर जाम लगा दिया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी नौकर यशवीर को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद कर लिया है, जबकि एक अन्य नौकर से भी पूछताछ जारी है। मृतक के भाई प्रभात ने इस मामले में यशवीर और वहां काम करने वाले एक अन्य नौकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *