बुलंदशहर । यूपी के बुलंदशहर के नरौरा क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया। एक सड़क दुर्घटना में पिता की मौत की खबर सुनते ही उनकी नाबालिग बेटी ने भी दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
सड़क पर अचानक आ गया आवारा पशु और हो गए घायल
रामघाट निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मी नारायण, जो स्थानीय इंटर कॉलेज में चौकीदारी का काम करते थे, रोज की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। रात के समय बेलोन टोल प्लाजा के पास अचानक सड़क पर आए एक आवारा पशु से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी।उधर, जैसे ही यह दुखद खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पिता से बेहद लगाव रखने वाली उनकी 17 वर्षीय बेटी ममता इस सदमे को सह नहीं पाई। रोते-बिलखते उसने भी कुछ ही समय में दम तोड़ दिया। एक ही रात में परिवार ने अपने दो सदस्यों को खो दिया।
हर आंख नम थी, हर चेहरा मायूस
अगले दिन गांव का माहौल बेहद गमगीन रहा। हर आंख नम थी, हर चेहरा मायूस। एक ही आंगन से पहले बेटी और फिर पिता की अर्थी उठी तो लोगों का कलेजा फट गया। रामघाट के गंगा तट पर जब दोनों की चिताएं साथ सजीं, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।परिवार के इकलौते बेटे ने भारी मन से पहले अपनी बहन और फिर अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस दर्दनाक दृश्य ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव में हर जुबान पर बस एक ही सवाल था—क्या कोई दुख इतना बड़ा भी हो सकता है कि एक बेटी अपने पिता के बिना जी ही न सके।
