लखनऊ । शाहजहांपुर में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान शहीदों की मूर्तियों के खंडित होने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। इस घटना को लेकर Yogi Adityanath ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित निर्माण कंपनी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया। इतना ही नहीं, सरकार ने कंपनी को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट कर दिया है और उससे चल रहा कार्य भी वापस ले लिया गया है।सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि शहीदों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन अधिकारियों की निगरानी में यह कार्य हो रहा था, उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।
मूर्तियों को सम्मानजनक तरीके से पुनः स्थापित किया जाए
मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिया कि खंडित हुई शहीदों की मूर्तियों को सम्मानजनक तरीके से पुनः स्थापित किया जाए और इस पूरी प्रक्रिया में गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि इस प्रकार की लापरवाही भविष्य में दोहराई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की इस त्वरित कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि शहीदों के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
