हरदोई । यूपी के हरदोई जिले में भगवान श्रीराम और माता कौशल्या पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा का एक वीडियो वायरल होने के बाद जिले भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

भगवान श्रीराम, माता कौशल्या पर आपत्तिजनक टिप्पणी की

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो हरपालपुर क्षेत्र की एक सार्वजनिक सभा का है, जिसमें यदुनंदन लाल वर्मा भगवान श्रीराम, माता कौशल्या और हिंदू धार्मिक ग्रंथों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसके सामने आते ही हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।स्थिति को बिगड़ता देख हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उप निरीक्षक विजय शुक्ल की ओर से प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा

प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।इस मामले में सपा के अंदर भी विरोध देखने को मिला। जिलाध्यक्ष शराफत अली ने यदुनंदन लाल वर्मा के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया और जानकारी दी कि उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही प्रदेश संगठन को भी आगे की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद जिले भर में विरोध प्रदर्शन तेज

वीडियो वायरल होने के बाद जिले भर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में रहा और त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया।गौरतलब है कि यदुनंदन लाल वर्मा पहले भी कई राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं और 2008 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *