बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में रविवार रात एक ऐसा खूनी कांड हुआ, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रात करीब 1:30 बजे पारिवारिक विवाद ने विकराल रूप ले लिया। संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते नरसंहार में बदल गई।आरोप है कि छोटे बेटे ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर अपने ही माता-पिता, दादी और बहन को मौत के घाट उतार दिया। घर के भीतर चीख-पुकार और खून से सने दृश्य ने पूरे गांव को दहला दिया।

विरोध करने पर बड़े भाई पर भी हमला

घटना के दौरान जब बड़े भाई ने हमले का विरोध किया तो हमलावर ने उस पर भी वार कर दिया। इस संघर्ष में दोनों भाई घायल हो गए। घायल गुरुदेव (33) और निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम

ग्रामीणों की सूचना पर चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला और 112 पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) और बहन पार्वती (35) को मृत घोषित कर दिया।

तड़के थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।

खून से सना घर, बाहर मिली कुल्हाड़ी

फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। घर के भीतर खून के धब्बे और टूटी-फूटी वस्तुएं बिखरी मिलीं। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद कर ली गई है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी जवानों को तैनात किया गया है।

गांव में पसरा सन्नाटा

ग्रामीणों के मुताबिक परिवार में पिछले कुछ समय से संपत्ति को लेकर तनाव चल रहा था। अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

निर्मम हत्या से रामनगर गांव स्तब्ध

चार लोगों की एक साथ हुई निर्मम हत्या से रामनगर गांव स्तब्ध है। हर आंख नम है और हर चेहरा सहमा हुआ। एक ही परिवार के चार जनों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *