लखनऊ । यूपी की राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट की घटना के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उस समय फायरिंग हो गई, जब आरोपी ने घिरता देख भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया।घटना 20 मार्च की है, जब आशियाना निवासी महिला बंगला बाजार क्षेत्र में पैदल जा रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पीजीआई थाना पुलिस हरकत में आई और घटना के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया।
खुद को घिरता देखकर पुलिस पर शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस ने करीब 40-50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर (25) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सवई की ओर से कालिंदी क्षेत्र की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सेक्टर-15 नहर रोड पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का अपराधी
पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर, पीजीआई भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।गिरफ्तार आरोपी के पास से लूटा गया रियलमी मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक, एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस और ₹1200 नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट तक शामिल हैं।फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और लूट के मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
