फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां घर के भीतर मां-बेटे की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी चाचा ने भी ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली, जिससे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है।
घर में विवाद के बाद मामला पकड़ा तूल
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के चौफेरवा गांव निवासी सुनील (55) पुत्र गुड्डू श्रीवास्तव, अमर (28) पुत्र सुशील श्रीवास्तव और सुशीला (55) पत्नी सुशील कुमार श्रीवास्तव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर के अंदर हुए विवाद के दौरान सुनील ने धारदार हथियार से अपनी भाभी सुशीला और भतीजे अमर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
अवैध संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था
ग्रामीणों के मुताबिक, सुनील और उसकी भाभी सुशीला के बीच कथित अवैध संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। जब इस बात की जानकारी महिला के बेटे अमर को हुई तो उसने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर बुधवार को तीनों के बीच तीखी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुनील ने डर के कारण ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पूरी जांच होने के बाद घटना के कारणाों का हो सकेगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
