बोगोटा। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को एक दर्दनाक सैन्य विमान हादसा हो गया, जिसमें 66 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के समय विमान में कुल 120 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में सैनिक शामिल थे।जानकारी के मुताबिक कोलंबियाई वायुसेना का परिवहन विमान टेक-ऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान पुटुमायो प्रांत के प्यूर्टो लेगुइजामो शहर से उड़ान भर रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया।
कई सैनिकों के लापता होने की आशंका
दुर्घटनाग्रस्त विमान लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित C-130 हरक्यूलिस था, जिसका उपयोग सैनिकों और सैन्य सामग्री के परिवहन में किया जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार विमान में गोला-बारूद और विस्फोटक भी मौजूद थे, जो हादसे के बाद फट गए, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया और राहत-बचाव कार्य में भी कठिनाई आई।कोलंबियाई सेना ने अब तक करीब 66 जवानों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कई सैनिकों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या कम बताई गई थी, लेकिन समय के साथ आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं।
कोलंबिया ने इसे 1960 के दशक में खरीदा था
बताया जा रहा है कि यह विमान काफी पुराना था, जिसे 1950 के दशक में बनाया गया था और कोलंबिया ने इसे 1960 के दशक में खरीदा था। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है।इस भीषण हादसे के बाद पूरे देश में शोक का माहौल है और सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
यह भी पढ़े : एक हादसा, दो जनाजे: पिता की मौत का सदमा न सह सकी बेटी, एक ही आंगन से उठीं दो अर्थियां
यह भी पढ़े : मैनाठेर कांड में 15 साल बाद न्याय: डीआईजी पर हमले के 16 आरोपी दोषी, 27 मार्च को सजा
