गोरखपुर । Gorakhpur के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित Mohaddipur Overbridge पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मेडिकल कॉलेज के थर्ड ईयर छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ओवरब्रिज पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक छात्र मूल रूप से संत कबीर नगर जिले का निवासी था

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र आकाश पांडेय मूल रूप से संत कबीर नगर जिले का निवासी था और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में तृतीय वर्ष का छात्र था। बुधवार देर रात वह असुरन से मेडिकल कॉलेज की ओर अपनी स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक फॉर्च्यूनर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र स्कूटी से उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग में जा फंसा। उसका हेलमेट दूर जा गिरा और गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने फॉर्च्यूनर वाहन को जब्त कर लिया

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फॉर्च्यूनर वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन चालक और उसमें सवार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर और मृतक के गृह जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है। सहपाठियों और शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताया है।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार से बचें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *