लखनऊ । उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। सुबह करीब 10 बजे आसमान में अंधेरा छा गया और दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया।

सुरक्षित स्थानों के नीचे शरण लेते नजर आए

बारिश और तेज हवाओं के कारण दफ्तर जा रहे लोग फ्लाईओवर और सुरक्षित स्थानों के नीचे शरण लेते नजर आए। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई क्षेत्रों में स्थिति तूफानी बनी रही।मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बुधवार शाम से ही तेज झोंकेदार हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी था। दिल्ली से सटे इलाकों समेत पश्चिमी यूपी में आंधी और बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया।

तेज हवाओं की रफ्तार रिकॉर्ड

विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में तेज हवाएं दर्ज की गईं—मथुरा में सबसे तेज 87 किमी/घंटा, नोएडा में 59 किमी/घंटा,आगरा और बुलंदशहर में 57 किमी/घंटा, बारिश के आंकड़ों में बागपत और बुलंदशहर में लगभग 6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग का अलर्ट

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को पूर्वी यूपी, मध्य यूपी और बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश में तेज हवाओं और गरज-चमक का असर रहेगा। लगभग 27 जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव के चलते अगले दो दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।वहीं गुरुवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नजीबाबाद में बारिश के कारण तापमान गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इन जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बांदा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *