लखनऊ । गाजियाबाद में चर्चित यू-ट्यूबर सलीम वास्तविक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना में शामिल दो बदमाशों में से एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। मारे गए आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस प्रकरण में राज्य स्तर पर सख्त रुख अपनाया गया था और पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
150 सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की गई
पुलिस के अनुसार, बीते शुक्रवार को लोनी क्षेत्र की अली गार्डन कॉलोनी स्थित कार्यालय में बाइक सवार दो हमलावरों ने सलीम पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गईं और लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की गई।
घेराबंदी के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी
रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हमले में शामिल बदमाश लोनी इलाके में फिर सक्रिय हैं। घेराबंदी के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान अमरोहा निवासी जीशान (27) के रूप में हुई है। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई
घायल सलीम का पहले दिल्ली के Guru Teg Bahadur Hospital में इलाज कराया गया, बाद में परिजन उन्हें साकेत स्थित Max Super Speciality Hospital Saket ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है।
