लखनऊ। संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि होलिका दहन एवं होली पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं।
तीन व चार को मनाया जाएगा रंगोत्सव
इस वर्ष होली का पर्व 02 मार्च 2026 को होलिका दहन तथा 03/04 मार्च 2026 को रंगोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कई स्थानों पर होली मिलन समारोह एवं मेले भी आयोजित होंगे। इन सभी कार्यक्रमों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा एवं पुलिस बल की तैनाती
कमिश्नरेट लखनऊ में कुल 3729 होलिका स्थल चिन्हित किए गए हैं। सुरक्षा के लिए निम्न पुलिस बल तैनात रहेगा—
वरिष्ठ अधिकारी: 04 अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP), 12 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP)
अधीनस्थ बल: 19 निरीक्षक, 72 उप-निरीक्षक, 400 मुख्य आरक्षी/आरक्षी
यातायात पुलिस: 22 निरीक्षक, 75 उप-निरीक्षक, 80 होमगार्ड, 660 मुख्य आरक्षी/आरक्षी
अतिरिक्त बल: 14 कंपनी PAC, वायरलेस यूनिट एवं LIU (इंटेलिजेंस) टीमें
ब्रीफिंग एवं रिहर्सल
संयुक्त ब्रीफिंग: पुलिस, प्रशासनिक व सुरक्षा इकाइयों की संयुक्त बैठक कर ड्यूटी प्वाइंट, रूट प्लानिंग और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल: भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए रूट रिहर्सल व मॉक-ड्रिल आयोजित की गई।
तकनीकी एवं यातायात प्रबंधन
24×7 निगरानी: पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों और विशेष कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
ट्रैफिक डायवर्जन: आयोजन स्थलों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। आमजन की सुविधा के लिए अलग से यातायात एडवाइजरी जारी की जाएगी।
लखनऊ पुलिस की अपील
लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक डायवर्जन और दिशा-निर्देशों का पालन करें।पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, ताकि होली का पर्व सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जा सके।
