मुरादाबाद। होली के दिन मुरादाबाद में जुड़वां बहन की चाकू से गोदकर हत्या और मां पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी इंजीनियर हार्दिक अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से दिल्ली की दिशा में फरार हुआ था।

घर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी

पुलिस के अनुसार, आरोपी हार्दिक ने अपनी जुड़वां बहन हिमशिखा (25) की शुक्रवार को घर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उसने अपनी मां नीलिमा को भी मारने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों के पहुंचने से वह मौके से कार लेकर फरार हो गया। घायल मां का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि हिमशिखा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।

हार्दिक पहले गूगल में नौकरी करता था

जांच में सामने आया है कि हार्दिक पहले गूगल में नौकरी करता था, लेकिन करीब एक साल पहले उसने नौकरी छोड़ दी और यूट्यूबर बन गया था। उसकी जुड़वां बहन हिमशिखा गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थी और एमबीए की पढ़ाई भी कर रही थी। दोनों भाई-बहन गुरुग्राम में एक ही मकान में रहते थे और होली मनाने के लिए तीन मार्च को मुरादाबाद आए थे।

शव को कंबल में लपेटकर आंगन में छोड़ दिया

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को दोनों को वापस हरियाणा लौटना था, लेकिन उससे पहले ही घर में विवाद हो गया। इसी दौरान हार्दिक ने बहन पर चाकू से कई वार कर दिए। उसने गर्दन, चेहरे और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेटकर आंगन में छोड़ दिया।इसके बाद आरोपी अपनी मां को ऑफिस से बहाने से घर लेकर आया। उसने कहा कि उन्हें तुरंत हरियाणा लौटना है। मां जैसे ही घर पहुंचीं और कंबल में लिपटा बेटी का शव देखा तो वह चीख पड़ीं।

हार्दिक दूसरे समुदाय की युवती से करता था प्रेम

इसी दौरान हार्दिक ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी कार लेकर भाग निकला।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हार्दिक पुणे निवासी दूसरे समुदाय की एक युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन उसकी मां और बहन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से तनाव चल रहा था, जिसे इस वारदात की वजह माना जा रहा है।

आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। अमरोहा के जोया टोल और गढ़मुक्तेश्वर टोल की सीसीटीवी फुटेज में उसकी कार गुजरती हुई दिखाई दी है। हालांकि इसके बाद उसकी लोकेशन नहीं मिल सकी है। पुलिस दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश कर रही है।इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और इलाके में भी सनसनी फैली हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *