बहराइच । यूपी के बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। रमपुरवा गांव स्थित राजकीय विद्यालय परिसर में रहने वाले सफाई कर्मचारी ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

स्कूल के आवास में हुआ खूनी झगड़ा

मूल रूप से घूरे पुरवा गांव निवासी सूरज कई वर्षों से विद्यालय में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। वह अपनी पत्नी रेखा और दो मासूम बच्चों के साथ स्कूल परिसर में बने आवास में रह रहा था। मंगलवार दोपहर किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

गुस्से में उठाई लाठी, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में बेकाबू सूरज ने लाठी उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। उसने सिर और शरीर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की मां चंपा की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। गांव और स्कूल परिसर में मातम पसरा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों को खंगाल रही है।यह वारदात एक बार फिर घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर सामने लाती है, जहां मामूली विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *