शाहजहांपुर । जिले के अल्हागंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली–फर्रुखाबाद हाईवे पर सुगसुगी मोड़ के पास रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के रूप में हुई

मृतकों की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के मुड़ा खालसा अमीन नगर निवासी अरुण (30), ऋषभ (32) और संजय (30) के रूप में हुई है। हादसे में कार में सवार दो अन्य युवक अनिल और गौरव निवासी मूड़ा भाई छतौनिया, थाना हैदराबाद, जिला लखीमपुर खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

बस और कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे बरेली डिपो की रोडवेज बस और कार के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।

तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुबह के समय क्षेत्र में घना कोहरा था, जिसके कारण दृश्यता कम होने से यह दुर्घटना हुई हो सकती है।हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *