हमीरपु/जौनपुर । हमीरपुर जिले के राठ नगर के सिकंदरा निवासी लेखपाल सुनील पटेल की सुपुत्री पारुल पटेल ने यूपी पीसीएस परीक्षा में जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। पारुल पटेल की प्रारंभिक शिक्षा से ही उनकी प्रतिभा के संकेत मिलने लगे थे। उन्होंने राठ के प्रतिष्ठित सेठ छोटे लाल एकेडमी से हाईस्कूल में 96 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी योग्यता साबित की थी।

निरंतर प्रशासनिक सेवा की तैयारी में जुटी रहीं

उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की और निरंतर प्रशासनिक सेवा की तैयारी में जुटी रहीं। पारुल के पिता सुनील पटेल मुस्करा थाना क्षेत्र के शिवानी अलरा में लेखपाल हैं। अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गदगद हैं। जैसे ही पारुल के असिस्टेंट कमिश्नर ( जीएसटी ) पद पर चयन की खबर राठ और मुस्करा क्षेत्र में फैली, बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि पारुल ने न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं।

पीसीएस परिणाम में चमके बदलापुर के दो सितारे

यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 2024 के घोषित परिणाम में बदलापुर क्षेत्र की दो प्रतिभाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। प्रतिभा यादव और हिमालय सिंह की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

पंचायत राज अधिकारी का पद हासिल किया

बदलापुर क्षेत्र के श्री गणेश राम इंटर कॉलेज बटाऊवीर शाहपुर के प्रिंसिपल अनिल कुमार की भतीजी प्रतिभा यादव, पुत्री शिवकुमार यादव (पूर्व जेल अधीक्षक), ने पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पंचायत राज अधिकारी का पद हासिल किया है। प्रतिभा की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला अलाउद्दीनपुर से शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने राजदेई बालिका इंटर कॉलेज से जूनियर हाईस्कूल तथा राजकीय इंटर कॉलेज इटावा से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। बीटेक की पढ़ाई लखनऊ से करने के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर पीसीएस की तैयारी की। तीसरे प्रयास में साक्षात्कार पास कर उन्होंने यह सफलता हासिल की। वर्तमान में वह पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा भी दे रही हैं।

वह नोडल संकुल शिक्षक अजय कुमार सिंह के पुत्र

वहीं, बदलापुर विकासखंड के गजेन्द्रपुर गांव निवासी हिमालय सिंह ने 82वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार का पद हासिल किया है। वह नोडल संकुल शिक्षक अजय कुमार सिंह के पुत्र हैं। हिमालय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की और हाईस्कूल व इंटरमीडिएट श्री बजरंग इंटर कॉलेज घनश्यामपुर से पास किया। इसके बाद प्रयागराज से बीए की पढ़ाई पूरी कर वहीं रहकर पीसीएस की तैयारी की। दूसरे प्रयास में ही उन्होंने सफलता हासिल कर यह मुकाम पाया।दोनों प्रतिभाओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के सहयोग को दिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *