लखनऊ । राजधानी लखनऊ के मॉल और मलिहाबाद क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण कई स्कूलों में पिछले कई दिनों से बच्चों के लिए भोजन नहीं बन पा रहा है, जिससे हजारों छात्र-छात्राएं प्रभावित हो रहे हैं।
सिलेंडर की कमी के चलते कई स्कूलों में मिड-डे मील बंद
जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों में करीब 315 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जहां लगभग 25 हजार बच्चों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है। लेकिन गैस सिलेंडर की कमी के चलते कई स्कूलों में मिड-डे मील बंद पड़ा है। कुछ विद्यालयों में शिक्षक अपने निजी सिलेंडर लाकर किसी तरह व्यवस्था संभाल रहे हैं, जबकि कई जगहों पर बच्चे बिना भोजन के ही स्कूल से लौट रहे हैं।मॉल क्षेत्र के एक विद्यालय में करीब 75 बच्चों को पिछले सात दिनों से भोजन नहीं मिल पाया है। स्कूल प्रशासन ने इस समस्या की सूचना शिक्षा विभाग को दी, लेकिन अब तक स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
विद्यालय में गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी: बीएसए
इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार का कहना है कि किसी भी विद्यालय में गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से पत्र जारी कर गैस एजेंसियों से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।वहीं, एडीएम (आपूर्ति) ज्योति गौतम ने भी स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि मांग के अनुसार स्कूलों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर मिड-डे मील व्यवस्था सुचारु कर दी जाएगी।
