लखनऊ । एएनटीएफ थाना झांसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा, एक कार, दो मोबाइल फोन और 1,340 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
02 मार्च 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग से बबीना थाना रोड स्थित सीताराम पैलेस के सामने चेकिंग के दौरान एएनटीएफ टीम ने एक संदिग्ध कार (रेनॉल्ट ट्राइबर) को रोका। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान टोमेश पटेल (40 वर्ष), निवासी रायपुर, छत्तीसगढ़ और जितेन्द्र जोशी (32 वर्ष), निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना बबीना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सप्लाई करते थे। इसी अवैध कारोबार से गाड़ी की किस्त और घरेलू खर्च चलाते थे। पुलिस अब बरामद माल के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच में जुटी है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
बरामदगी का विवरण
50 किलो ग्राम अवैध सूखा गांजा
01 रेनॉल्ट ट्राइबर कार
02 मोबाइल फोन
1,340 रुपये नकद
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश और उच्चाधिकारियों के निर्देशन में एएनटीएफ झांसी टीम द्वारा की गई, जिसमें थाना बबीना पुलिस का भी सहयोग रहा।पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में सनसनी: बेटे ने की पिता की हत्या, फिल्म से सीखा शव के टुकड़े करने का तरीका
यह भी पढ़े : पिता की हत्या के बाद बहन से लिपटकर फूट-फूटकर रोया अक्षत, थाने में छलक पड़ा दर्द
