लखनऊ । राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। किसान पथ पर तेज रफ्तार एसयूवी कार ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार ससुर और दामाद की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
एसयूवी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी
जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज क्षेत्र के गोपाल खेड़ा निवासी सुशील कुमार (46) अपनी पत्नी और ससुर मुन्नी लाल (60) के साथ मोटरसाइकिल से एक रिश्तेदार के यहां से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में किसान पथ पर तेज गति से आ रही एक एसयूवी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
वहीं सुशील की पत्नी की हालत नाजुक
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को पीजीआई स्थित ट्रॉमा सेंटर टू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुशील कुमार और उनके ससुर मुन्नी लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुशील की पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
गुस्साए लोगों ने किसान पथ पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया
हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने किसान पथ पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव और इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा रही
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
