अंबेडकरनगर। ]उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में होली के दिन घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान पत्नी ने अपने ही पति पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अकबरपुर थाना क्षेत्र के मोहसिनपुर मंसूरपुर गांव की घटना
यह सनसनीखेज घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के मोहसिनपुर मंसूरपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार मृतक हौसला प्रसाद (70) रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उनकी पहली पत्नी दुलारी देवी का करीब नौ वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद उन्होंने संगीता नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली थी और दोनों किराए के मकान में रहते थे।
शराब पीने के लिए मांग रहा था पैसा, इसी को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि दोनों ही शराब के आदी थे और इसी वजह से अक्सर उनके बीच विवाद होता रहता था। होली के दिन हौसला प्रसाद नशे में अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।विवाद बढ़ने पर गुस्से में आई संगीता ने पास में पड़ा डंडा उठाकर हौसला प्रसाद के सिर पर कई बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला डंडे से हमला करती दिखाई दे रही है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े बेटे अतुल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।थाना प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
