संभल-। यूपी के संभल जनपद के चंदौसी के पंजाबी कॉलोनी निवासी देव डुडेजा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से सपनों को सच कर दिखाया है। चाय बेचने वाले परिवार से आने वाले देव ने UPSC Civil Services Examination 2025 में 152वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और शहर का नाम रोशन किया है। चौथे प्रयास में मिली इस सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।देव डुडेजा इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके हैं। तीसरे प्रयास में उन्होंने 327वीं रैंक प्राप्त की थी, जिसके बाद उनका चयन Indian Revenue Service (आईआरएस) में हुआ था। वर्तमान में वे नागपुर में ज्वाइंट कमिश्नर पद के लिए दिसंबर 2025 से 15 माह की ट्रेनिंग कर रहे हैं।
ग्रेजुएशन के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी
देव के पिता इंद्रमोहन डुडेजा ने बताया कि उनके बेटे ने वर्ष 2018 में पीसीएम ग्रुप से आरआरके स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने University of Delhi से वर्ष 2021 में पॉलिटिकल साइंस विषय से ग्रेजुएशन किया। ग्रेजुएशन के दौरान ही उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी थी।दिल्ली में कोचिंग लेने के बाद उन्होंने 2022 में यूपीएससी मेन्स परीक्षा पास कर ली, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो सका। इसके बाद 2023 में उन्होंने पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू की और साथ ही यूपीएससी की तैयारी जारी रखी। जून 2024 में प्रीलिम्स और सितंबर में मेन्स परीक्षा देने के बाद मार्च 2025 में उनका इंटरव्यू हुआ, जिसमें उन्हें 327वीं रैंक मिली और आईआरएस में चयन हुआ।
नागपुर में ट्रेनिंग के दौरान ही चौथी बार यूपीएससी की तैयारी की
इसके बावजूद देव ने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और नागपुर में ट्रेनिंग के दौरान ही चौथी बार यूपीएससी की तैयारी की। 11 फरवरी 2026 को उन्होंने दिल्ली में इंटरव्यू दिया और जब शुक्रवार को परिणाम घोषित हुआ तो उन्होंने 152वीं रैंक हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज कर ली।देव के पिता इंद्रमोहन डुडेजा अपने भाइयों प्रेम डुडेजा और ब्रजमोहन डुडेजा के साथ एसएम डिग्री कॉलेज के सामने चाय की दुकान चलाते हैं। उनकी मां चंद्रप्रभा ग्राम मई के कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। उनके छोटे भाई संकेत डुडेजा Hindu College Moradabad से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं।
क्रिकेट खेलने और राजमा चावल खाने के शौकीन
देव डुडेजा को खाने में राजमा-चावल पसंद है और वे क्रिकेट खेलने के भी शौकीन हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जो भी लक्ष्य तय करें, उसे पूरी एकाग्रता और लगन के साथ हासिल करने की कोशिश करें। लगातार प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है।देव ने बताया कि उन्हें यूपीएससी की तैयारी करने की प्रेरणा अपने चचेरे भाई से मिली थी, जिसके बाद उन्होंने इस दिशा में कड़ी मेहनत की और आखिरकार अपने सपने को साकार कर दिखाया।
