छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। उमरानाला क्षेत्र में एक बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्रियों के हाथ कट गए और कई के सिर फट गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ओवरटेक बना हादसे की वजह?

कलेक्टर हरेंद्र नारायण के अनुसार, बस में करीब 47 यात्री सवार थे। बस छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी। सिमरिया के पास बस एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही लहसुन से भरी पिकअप से उसकी भीषण टक्कर हो गई।

सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं।

राहत-बचाव में जुटी टीमें

हादसे के तुरंत बाद पुलिस और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को अधिक मुआवजा देने की मांग की है।

अब भी कई सवाल बाकी

फिलहाल हादसे के असली कारणों की जांच जारी है, लेकिन शुरुआती जानकारी में ओवरटेक के दौरान टक्कर की बात सामने आ रही है।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत याद दिलाता है—जहां कुछ सेकंड की गलती, कई जिंदगियां लील लेती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *