प्रयगराज । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया, जिसने चार मजदूरों की जान ले ली और कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। फाफामऊ थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास लखनऊ-प्रयागराज मार्ग किनारे स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। उस समय वहां दर्जनों मजदूर आलू रखने के काम में लगे हुए थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ छत का हिस्सा गिरा और मलबे के नीचे कई मजदूर दब गए। हादसे के साथ ही अमोनिया गैस का पाइप भी फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया।
पुलिस और राहत एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रयागराज और बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले मजदूरों के रूप में हुई है। वहीं, एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ का इलाज स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जबकि अन्य को तेज बहादुर सप्रू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में मरने वालों की हुई पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे की जांच के लिए एडीएम वित्त की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित कर दी गई है, जिसे 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि हादसे में प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र के मलाक हर-हर निवासी जगदीश (42) पुत्र अशोक कुमार, बिहार के सहरसा जनपद के सलकुआ थाना क्षेत्र के बलियर गांव निवासी ज्योतिष कुमार (22)पुत्र नुनु लाल सदा , बिहार के सहरसा जिले के सहखुआ थाना क्षेत्र के गौरी पिपरा गांव निवासी सनोज उर्फ़ बिल्लर चौधरी(36) पुत्र बिद्यानन्द चौधरी , सहरसा जिले के ही सलखुआ थाना क्षेत्र के बलियारी गांव निवासी मसिन्दर कुमार(20) पुत्र सक्को सदा की दुखद मौत हो गई।
हादसे में ये हुए घायल, जिनका चल रहा उपचार
हादसे में घायल प्रतापगढ़ के कुंडा बाबागंज पिंगिया गांव कार्तिक पटेल(3) पुत्र संजय , बिहार के सहरसा जिले में स्थित सलकुआ थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी वशिष्ठ नारायण (26)पुत्र बद्री यादव , प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव निवासी धर्मेंद्र पाल (42) पुत्र राम अभिलाष , बिहार के सहरसा जिले में बनवा उतरी थाना क्षेत्र के पहलव गांव निवासी रंजीत कुमार (22) पुत्र कालू सदा , इसी जिले के सलकुआ थाना क्षेत्र के कमराडीह गांव निवासी अमरजीत (20)पुत्र सनोज सदा की स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां स्थिति सामान्य है सभी का उपचार ट्रामा सेंटर में चल रहा है। हालांकि हादसे में घायल सात लोगों को तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जिसमें बिहार के सहरसा जनपद निवासी अमित चौधरी,आशु कुमार, मनकू, बृजेश कुमार,सिंकू यादव, पप्पू यादव, साहुल का उपचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया
हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
कोल्ड स्टोरेज सपा से जुड़े एक पूर्व मंत्री का बताया जा रहा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी से जुड़े एक पूर्व मंत्री का बताया जा रहा है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग हादसे को लेकर लापरवाही की आशंका जता रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
