काबुल । Kabul में हुए भीषण हवाई हमले ने Pakistan और अफगानिस्तान के बीच तनाव को खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया है। सोमवार देर रात हुए इस हमले में एक नशा मुक्ति अस्पताल को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत और बड़ी संख्या में घायल होने की खबर सामने आई है।
अस्पताल में करीब 2000 लोग मौजूद थे
अफगानिस्तान के मीडिया और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक हमले के समय अस्पताल में करीब 2000 लोग मौजूद थे। विस्फोट के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया, जिससे भारी तबाही हुई। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
नागरिकों पर हमला बताते हुए कड़ी निंदा की
हालांकि पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया है कि उसने केवल सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन Taliban ने इस हमले को सीधे तौर पर नागरिकों पर हमला बताते हुए कड़ी निंदा की है। तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि यह अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है और अब बातचीत का समय खत्म हो चुका है—इसका जवाब दिया जाएगा।
अब खुली सैन्य भिड़ंत में बदलता नजर आ रहा
इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों देशों के बीच पिछले एक महीने से जारी टकराव अब खुली सैन्य भिड़ंत में बदलता नजर आ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि नागरिक ठिकानों पर हमले को संभावित युद्ध अपराध माना जा रहा है।
क्रिकेटर Rashid Khan ने इस घटना पर दुख जताया
इस बीच अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर Rashid Khan और Mohammad Nabi ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है और नागरिकों की मौत को बेहद दर्दनाक बताया है।लगातार बढ़ते हमलों और कड़े बयानों के बीच अब यह साफ है कि दक्षिण एशिया का यह तनावपूर्ण क्षेत्र एक बड़े संघर्ष की ओर बढ़ सकता है, जिससे पूरे इलाके की शांति और स्थिरता पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
