लखनऊ ।एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष भर्ती परीक्षा-2025 के नाम पर सोशल मीडिया के जरिए ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अभ्यर्थियों को पेपर लीक कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठ रहा था।एसटीएफ ने शुक्रवार को इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष बघेल पुत्र मनोज बघेल निवासी इंजीनियर्स कॉलोनी, थाना न्यू आगरा, जनपद आगरा के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
टेलीग्राम चैनलों के जरिए करता था ठगी
Uttar Pradesh Police Recruitment and Promotion Board द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 की शुचिता बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान एसटीएफ को टेलीग्राम पर कुछ संदिग्ध चैनल संचालित होने की जानकारी मिली।जांच में सामने आया कि “UP SI UP Police-2026”, “Result Panel PVT TM” और “UP SI Exam Paper UP SI-2026” जैसे टेलीग्राम चैनलों के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा रहा था।
नकली पीडीएफ भेजकर जीतता था भरोसा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर टेलीग्राम चैनल बनाता था और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने का दावा करते हुए मैसेज वायरल करता था। विश्वास दिलाने के लिए वह पीडीएफ एडिटर से प्रश्नपत्र जैसा दिखने वाला नकली पहला पेज तैयार कर अभ्यर्थियों को भेजता था, जिससे लोग भरोसा कर लेते थे।इसके बाद वह यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड के माध्यम से अभ्यर्थियों से पैसे ट्रांसफर करवाता था। आरोपी विभिन्न लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर पैसे जमा करवाता और अपना हिस्सा ऑनलाइन कूपन के रूप में लेता था।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
इस मामले में Hussainganj Police Station, Lucknow में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं, उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।एसटीएफ का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
