पीलीभीत । उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पौटा कला निवासी 22 वर्षीय युवक आरिफ को कुछ लोगों ने सरेआम खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा और फिर अधमरी हालत में उसे अपने साथ ले गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
24 मार्च की शाम आरिफ दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था
परिजनों के मुताबिक, 24 मार्च की शाम आरिफ दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि करीब 10 से 12 लोगों ने मिलकर पहले उसे एक खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया और फिर लात-घूसों व डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई की। वीडियो में युवक को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
युवक के अचानक लापता हो जाने से परिवार में दहशत
परिवार का आरोप है कि पिटाई के बाद आरोपी उसे अधमरी हालत में जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद से आरिफ का कोई पता नहीं चल सका है। युवक के अचानक लापता हो जाने से परिवार में दहशत और मातम का माहौल है।पीड़ित के पिता शफीक शाह, जो ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं, ने बरखेड़ा थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस को पिटाई का वीडियो भी सौंपा है और बेटे की जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है।
वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में आक्रोश
घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश तेज कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।यह घटना एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर कब तक ऐसी बर्बर घटनाएं होती रहेंगी।
