लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र में स्थित शिया पीजी कॉलेज के सामने की है, जहां रोडवेज बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार आज करीब 3:20 बजे सूचना मिली कि शिया पीजी कॉलेज के सामने सीतापुर रोड पर रोडवेज बस और बाइक में दुर्घटना हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार जीशान (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी राजेंद्रनगर, बाजारखाला, लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल जीशान को तत्काल एम्बुलेंस से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक के परिजन मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

लखनऊ में रेलवे सेक्शन इंजीनियर ने ट्रेन से कटकर दी जान

राजधानी में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां रेलवे में तैनात सेक्शन इंजीनियर मनीष कुमार सिंह (35) ने ट्रेन के सामने लेटकर आत्महत्या कर ली। वह मानकनगर स्थित आरडीएसओ/डीएसओ कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे।पुलिस के अनुसार, मनीष मूल रूप से गोरखपुर जिले के खिरिया गांव के निवासी थे और वर्तमान में रिसर्च डिज़ाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन (RDSO) कॉलोनी में आवंटित सरकारी आवास में पत्नी निधि और बेटे के साथ रह रहे थे। मंगलवार सुबह वह घर से पैदल किसी काम से जाने की बात कहकर निकले थे।

मोबाइल फोन के आधार पर शव की हुई शिनाख्त

बताया जा रहा है कि घर से करीब एक किलोमीटर दूर डीएसओ पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर वह पटरी पर लेट गए, जहां से गुजर रही ट्रेन से कटकर उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उनके पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई।मानकनगर थाना प्रभारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनीष लंबे समय से बीमार चल रहे थे और संभवतः बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाया। परिजनों की ओर से फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *