कासगंज । उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के अमांपुर क्षेत्र के भगूपुरा गांव में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कुत्ते के काटने की घटना को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

कुत्ता काटने के बाद पहले हुई कहासुनी

गुरुवार देर शाम गांव की रहने वाली 50 वर्षीय रुचि सोलंकी अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान पास में किसी व्यक्ति को कुत्ते ने काट लिया। इसी बात को लेकर रुचि और उनके चचेरे देवर नीरज के बेटे शिवम के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शिवम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब रुचि ने इसका विरोध किया तो वह उन्हें खींचकर अपने घर के अंदर ले गया और ईंट से उनके सिर पर हमला कर दिया।

महिला की चीख पुकार सुनकर दौड़े परिजन

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल रुचि को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ शाहिदा नसरीन के मुताबिक शुरुआती जानकारी में कुत्ते के काटने की घटना को लेकर विवाद सामने आया है, हालांकि जमीन संबंधी विवाद की बात भी सामने आ रही है।

मां की मौत के बाद बेटे हार्दिक का रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।मृतका रुचि के परिवार में उनका 10 वर्षीय बेटा हार्दिक है। पति पवन सोलंकी लखनऊ की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। होली के चलते वह घर आए थे, लेकिन गुरुवार सुबह ही वापस लखनऊ लौट गए थे। मां की मौत के बाद बेटे हार्दिक का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *