लखनऊ । राजधानी के चौक थाना क्षेत्र में चार साल के मासूम बच्चे की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बच्चे के पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों ने संपत्ति के लालच में मासूम की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली।

नानी की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की शुरुआत 13 मार्च 2026 को हुई, जब उन्नाव जिले के गंगाघाट क्षेत्र की निवासी सुधा कश्यप अपने परिजनों के साथ चौक थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 12 मार्च को उनके दामाद भीष्म खरबंदा ने फोन कर सूचना दी कि उनके नाती अर्नव खरबंदा की मृत्यु हो गई है।

मासूम अर्नव का शव चादर से ढका हुआ रखा था

यह खबर सुनते ही परिवार के लोग तुरंत लखनऊ स्थित लाजपत नगर स्थित घर पहुंचे। वहां भूतल के बरामदे में मासूम अर्नव का शव चादर से ढका हुआ रखा था। जब परिजनों ने शव देखा तो बच्चे के शरीर पर कई जगह चोटों के गहरे निशान और घाव दिखाई दिए। पैरों पर जलाने के भी निशान थे, जिससे परिजनों को शक हुआ कि बच्चे को बेरहमी से पीटकर मारा गया है।

संपत्ति के लालच में हत्या का आरोप

नानी सुधा कश्यप ने आरोप लगाया कि उनके दामाद भीष्म खरबंदा और उसकी दूसरी पत्नी रागिनी खरबंदा ने संपत्ति के लालच में 4 वर्ष 4 माह के मासूम अर्नव की हत्या कर दी।शिकायत के आधार पर चौक थाने में मुकदमा संख्या 40/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस ने दंपति को किया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 मार्च को आरोपी भीष्म खरबंदा (35 वर्ष) और उसकी पत्नी रागिनी खरबंदा (30 वर्ष) को नेहरू युवा केंद्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों लखनऊ के लाजपत नगर इलाके के रहने वाले हैं, जबकि रागिनी का मूल निवास फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में है।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए कई सामान भी बरामद किए हैं, जिनमें झाड़ू, वाइपर, सब्जी काटने वाला चाकू, स्केल, बेल्ट और रस्सी शामिल हैं।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई को चौक थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी और महिला कांस्टेबल सोनम गौतम शामिल रहे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग मासूम की मौत से आक्रोशित हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *