लखनऊ । उत्तर प्रदेश में आज से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गईं। सुबह सवा सात बजे से ही छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से आयोजित की जा रही है।
एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य
लखनऊ के काली चरण इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। प्रवेश से पहले कड़ी चेकिंग की गई। परीक्षार्थियों के लिए एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह प्रतिबंध है।
8033 परीक्षा केंद्र, सख्त निगरानी व्यवस्था
इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। पूरे प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।
18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया
परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 222 केंद्र अति संवेदनशील और 683 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी के लिए एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को सक्रिय रखा गया है।
मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित
परीक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने किया। अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष परीक्षा प्रणाली को तकनीक आधारित और पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है।
