लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 18 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सरकार ने कड़े इंतजाम किए हैं। प्रदेश के हर जिले में परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा संचालन को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए गए
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक के बाद परीक्षा संचालन को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार जिला कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनीटरिंग की जाएगी। साथ ही शिकायत और सुझाव प्राप्त करने के लिए दो फोन नंबर और एक ई-मेल आईडी भी जारी की जाएगी।
क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) तैनात की जाएंगी
पेपर प्रिंटिंग, प्रश्नपत्र लीक, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) तैनात की जाएंगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों की विशेष निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर एसटीएफ व एलआईयू के साथ भी समन्वय रखा जाएगा।
बसों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए
अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों पर बसों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए और निर्बाध विद्युत आपूर्ति रहे। परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखी जाएंगी। इसके अलावा विभागीय और जिला स्तर के अधिकारियों की टीमें गठित कर स्ट्रांग रूम की रात में रैंडम जांच भी कराई जाएगी।
मंडल और जिला स्तर पर निरीक्षण अधिकारी तैनात
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा के निरीक्षण और पर्यवेक्षण के लिए 18 मंडलीय अधिकारी और हर जिले में एक-एक अधिकारी की तैनाती की गई है।
अपर परियोजना निदेशक राजेंद्र प्रसाद – आगरा मंडल
एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक पवन सचान – अलीगढ़ मंडल
उप शिक्षा निदेशक (प्राइमरी) संजय कुमार उपाध्याय – मेरठ मंडल
संयुक्त शिक्षा निदेशक राम प्रताप शर्मा – सहारनपुर मंडल
उप शिक्षा निदेशक (संस्कृत) रामाज्ञा कुमार – मुरादाबाद मंडल
संयुक्त शिक्षा निदेशक महेंद्र कुमार – बरेली मंडल
संयुक्त शिक्षा निदेशक विवेक नौटियाल – लखनऊ मंडल
अपर शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी – कानपुर मंडल
डायट प्राचार्य औरैया गंगा सिंह राजपूत – झांसी मंडल
अपर निदेशक पत्राचार संस्थान छेदी लाल चौरसिया – चित्रकूट मंडल
अपर शिक्षा निदेशक कामता राम पाल – प्रयागराज मंडल
निदेशक साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा अनिल भूषण चतुर्वेदी – अयोध्या मंडल
प्रशासन का उद्देश्य है कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हों।
