लखनऊ। राजधानी की सड़कों पर शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब गाजीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और चेन लुटेरों के बीच आमना-सामना हो गया। सर्वोदय नगर बंधा रोड स्थित कल्याण अपार्टमेंट के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी।

एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।घायल बदमाश की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद रानू निवासी चिनहट के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए तुरंत बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। वहीं 26 वर्षीय रिजवान निवासी मड़ियांव को सकुशल हिरासत में ले लिया गया।

ऐसे हुआ मुठभेड़ का खुलासा

पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी 2026 को सर्वोदय नगर चौकी क्षेत्र में विमला नाम की महिला के गले से स्कूटी सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली थी। घटना के बाद शशांक सिंह (डीसीपी पूर्वी) के निर्देश पर पूर्वी जोन की क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।

बीती रात लूट की घटना को दिया था अंजाम

21/22 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी उसी काले रंग की स्कूटी से शक्ति नगर ढाल की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने बंधा रोड मजार के पास घेराबंदी कर उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन घबराहट में स्कूटी फिसल गई और पीछे बैठे बदमाश ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया।

मौके से बरामदगी

पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से—

लूटी गई चेन के दो टुकड़े

घटना में प्रयुक्त चोरी की स्कूटी

2 अवैध तमंचे

1 खोखा कारतूस

3 जिंदा कारतूस

बरामद किए गए।

दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि राजधानी में और कितनी वारदातों में इनका हाथ रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *